श्रमिक विकास संगठन की ओर से आयोजित पहले राष्ट्रीय श्रमिक सम्मेलन में दिल्ली के श्रम मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार ने मजदूरों के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। मिनिमम वेज में बढ़ोतरी को दिल्ली सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस फैसले को जल्द से जल्द लागू करवाया जाएगा।
राय ने देश के विभिन्न भागों से आए मजदूरों से अपील की कि वे अपने-अपने राज्य में सरकार से दिल्ली सरकार की तर्ज पर मिनिमम वेज में बढ़ोतरी की मांग करें और उसे लागू करवाने के लिए संघर्ष करें। जब तक गरीबों और मजदूरों का विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास नहीं होगा।
सम्मेलन में तय किया गया कि श्रमिक विकास संगठन 15 अक्टूबर से 14 दिसम्बर तक प्रत्येक राज्य में मिनिमम वेज बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाएगी और 15 दिसम्बर को इस हस्ताक्षर पत्र को लेकर संबंधित राज्य के श्रम मंत्री के पास जाएंगे और मज़दूरी को बढ़ाने का ज्ञापन सौंपेंगे। इस सम्मेलन में 18 राज्यों के श्रमिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। इस सम्मेलन में आम आदमी पार्टी के संगठन प्रभारी आशुतोष, झारखंड प्रभारी एवं बुराड़ी से विधायक संजीव झा, पंजाब एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी एवं विधायक नरेश यादव, पश्चिम भारत के प्रभारी एवं विधायक सोमनाथ भारती समेत कई नेता मौजूद थे। सम्मेलन के दौरान श्रमिक विकास संगठन की पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

No comments:
Post a Comment